एसडीएम धर्मेश रामोत्रा नगर परिषद के कर्मियों के साथ करेंगे पार्क का निरीक्षण
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। लंबे समय से अनदेखी की मार झेल रहे रोहड़ू के राजा वीरभद्र सिंह पार्क का कायाकल्प करने की योजना को लेकर प्रशासन हरकत में आया है। एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने नगर परिषद की बैठक में पार्क की बदहाली पर चर्चा की। एसडीएम अब नगर परिषद के अधिकारियों के साथ पार्क का निरीक्षण करेंगे। पार्क की दशा सुधारने के लिए 28 लाख रुपये का प्राक्कलन पहले ही नगर परिषद ने तैयार किया था। परिषद पार्क के लिए बजट के इंतजार में थी, लेकिन बजट नहीं मिला। प्राक्कलन के तहत पांच लाख रुपये की लागत से पार्क की सुरक्षा दीवार, आठ लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण, पांच लाख रुपये की लागत से पार्क का वाटर सिस्टम और फव्वारों को ठीक करने की योजना थी। बजट के अभाव में परिषद ने करीब 12 लाख रुपये के टेंडर पार्क की फेंसिंग और मुख्यद्वार के छत की मरम्मत के लिए लगाए हैं। वीरवार को एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने नगर परिषद के अधिकारियों के साथ बैठक कर पार्क के कायाकल्प को लेकर चर्चा की। पार्क में कैफेटेरिया भी खोलने की भी योजना है।
पार्क का कायाकल्प किया जाएगा। इस संबंध में परिषद के कर्मचारियों के साथ बैठक की गई है। वह स्वयं पार्क स्थल पर जाकर निरीक्षण करेंगे। इस दौरान परिषद के कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण करने के बाद ही पार्क के कायाकल्प की रुपरेखा तैयार की जाएगी।- धर्मेश रामोत्रा, एसडीएम रोहड़ू