कुमारसैन की शिवान बीट के जंगल में भडक़ी आग से वन संपदा को पहुंचा नुकसान। संवाद
लाखों की वन संपदा जल कर राख, वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी
दूर से दिख रहे धुएं के गुबार और जंगल का जला हुआ बड़ा हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। वन मंडल कोटगढ़ के कुमारसैन की शिवान बीट के जंगलों में वीरवार को आग लग गई। घटना में लाखों रुपये की वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग ने देखते ही देखते पहाड़ी क्षेत्र के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। दूर तक धुएं के गुबार और जंगल के जले हुए बड़े हिस्से को देखा जा सकता है। आग शुष्क मौसम और तेज हवाओं के कारण तेजी से फैली। चीड़ समेत अन्य बहुमूल्य पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा है। वन्य जीव-जंतुओं का भी भारी नुकसान होने की आशंका है। आग की चपेट में आने से कई छोटे जीव और पक्षी मारे गए हैं। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। वन रक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घंटों मशक्कत की। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक आकलन के अनुसार कई बीघा वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है। उधर, कुमारसैन के वन परिवेक्षक अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि बीट गार्ड शिवान और वन विभाग की पूरी टीम आग बुझाने में लगी हुई है। साथ ही जंगल को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों में आग न जलाएं। बीड़ी-सिगरेट के टुकड़े न फेंकें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। यदि यह आग मानव जनित पाई गई तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।