ननखड़ी में तूफान से घर की उड़ी छत।
- फोटो : RAMPUR-HP
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। रामपुर विस क्षेत्र की ननखड़ी तहसील में बारिश और अंधड़ ने ग्रामीणों को लाखों रुपयों का नुकसान पहुंचाया। क्षेत्र में तेज गति से चले तूफान ने दर्जनों घरों की छतों को उड़ा दिया। इससे ग्रामीणों को खासा नुकसान पहुंचा। वहीं, राजस्व विभाग के अधिकारी नुकसान का जायजा लेने में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि ननखड़ी क्षेत्र की तीन पंचायतों जाहू, खमाडी और खुन्नी पनोली पंचायत में शुक्रवार को आए तूफान ने काफी कहर मचाया। तूफान और बारिश से ग्रामीणों को खासा नुकसान पहुंचा है। इन पंचायतों के मोहर सिंह, पुत्र शिवराम, गांव कोफरधार, कलीराम, पुत्र भक्त राम, गांव जाहू, टेकचंद, पुत्र नारायण दास, गांव कोफरधार, कुंवर सिंह, पुत्र बांका राम गांव आदर्शनगर, चंदूलाल पुत्र नेहरू राम, गांव जाहू, मदन दीवान पुत्र बुधराम, गांव जाहू डीम, नरेंद्र कुमार, पुत्र प्यारेलाल गांव रेरा सहित करीब तीस लोगों को बारिश और तूफान के चलते नुकसान हुआ है। इस तूफान से करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है। वहीं, तहसीलदार ननखड़ी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेज दिया है। ये अधिकारी लोगों को पहुंचे नुकसान का जायजा लेने में जुट गए हैं। तहसीलदार वीना ठाकुर ने बताया कि तूफान के कारण करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ननखड़ी क्षेत्र के 30 लोगों को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान की सूचना मिलते ही जाहू, खमाडी और खुन्नी पनोली पंचायत में राजस्व विभाग के पटवारियों को भेजा गया है, जो नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।