रोहडू। शनिवार को चोटियों पर हिमपात और ओलावृष्टि के साथ निचले क्षेत्रों में तेज बारिश का क्रम जारी रहा। पूरा दिन क्षेत्र में तूफान और गर्जना के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान क्षेत्र के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि के बाद हिमपात हुआ। चांशल, चंद्रनाहल सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात का क्रम जारी रहा। खड़ापत्थर में हिमपात से सड़कों पर वाहनों की फिसलन बढ़ गई है। हिमपात के बाद समूचा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। हालांकि, क्षेत्र के सभी मार्गों पर यातायात देर शाम तक सामान्य चल रहा था। वहीं, विशेषज्ञ बर्फबारी और बारिश को बागवानी और कृषि के लिए अनुकूल मान रहे हैं। बागवानी विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र कायथ का कहना है कि आजकल सेब बगीचों में खाद डालने का उचित समय है। बारिश के बाद खाद डालने से पौधों को पोषक तत्व आसानी से मिल सकेंगे। उन्होंने बागवानों को सलाह दी है कि जिन लोगों ने बगीचों में खाद डालने का कार्य पूरा नहीं किया वे मौसम खुलने के बाद खाद डालने का कार्य पूरा करें। उन्होंने सलाह दी है कि उर्वरकों का प्रयोग विशेषज्ञ की सलाह या मिट्टी की जांच के बाद करें। उन्होंने कहा कि बागवान आवश्यकता से अधिक खादों का प्रयोग न करें।