व्यापार मंडल दलाश ने चरमराई सफाई व्यवस्था और बाहरी व्यापारियों पर किया मंथन
सुचारू सफाई व्यवस्था के लिए अब कारोबारी 100 रुपये प्रतिमाह देंगे शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। व्यापार मंडल दलाश की बैठक सोमवार को मंदिर परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर ने की। बैठक में दलाश बाजार में पिछले कुछ समय से चरमराई सफाई व्यवस्था, दलाश बाईपास में बंद पड़ी पानी की ड्रेनेज और बाहर से आ रहे व्यापारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी दुकानदारों से प्रति माह अब 100 रुपये लिए जाएंगे, जो कि पहले 50 रुपये निर्धारित था। वहीं लोक निर्माण सबडिविजन दलाश के लिए एक प्रस्ताव पारित किया गया कि दलाश बाईपास में बंद पड़ी पानी की निकासी व्यवस्था को सुचारू रखा जाए। बंद पड़ी ड्रेनेज के कारण गंदा पानी खुली सड़क पर बह रहा है। इससे यहां पर चलना मुश्किल होता जा रहा है। व्यापार मंडल ने निर्णय लिया कि यदि पीडब्ल्यूडी विभाग दलाश एक सप्ताह के भीतर बंद पडी ड्रेनेज को नहीं खोलता है तो विभाग के खिलाफ एसडीएम कार्यालय आनी के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं बैठक में फैसला लिया गया कि दलाश बाजार में जो भी बाहर से व्यापारी व्यापार करने आएंगे, उन्हें पहले अपना पहचान पत्र या आधार कार्ड व्यापार मंडल के प्रधान को दिखाना होगा। कोई भी अस्थायी कारोबारी दलाश बाजार में अपना सामान नहीं बेचेगा, उसे बाजार के बाहर ही अपना सामान बेचना होगा और इसके लिए व्यापार मंडल के प्रधान से स्वीकृति लेनी होगी।
बैठक में व्यापार मंडल के महासचिव अनु, कोषाध्यक्ष मेहर चंद, देवराज चौहान, सुनील कुमार, तरसेम शर्मा और नरेश सहित अन्य मौजूद रहे।