पांच साइटों में से एक बरगोलखड्ड से घियागी अलाइनमेंट पर शोजा के ग्रामीणों की आपत्ति हुई दर्ज
जलोड़ी टनल निर्माण को लेकर जन परामर्श कार्यक्रम में लोगों ने लिया बढ़-चढ़ कर भाग
बंजार, आनी के विधायक और दोनों एसडीएम भी रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी और बंजार विस क्षेत्र के मध्य प्रस्तावित जलोड़ी टनल निर्माण को लेकर अल्टीनॉक कंपनी ने पांच साइटों का चयन किया है, जिसको अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को आनी और बंजार विस क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संबंधित क्षेत्र की जनता के साथ कंपनी और एनएच प्राधिकरण के अधिकारियों का एक जन परामर्श कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम आनी के खनाग विश्राम गृह और बंजार के शोजा विश्राम गृह में आयोजित किया गया। कंपनी के अधिकारियों ने दोनों जगह अपने किए गए अब तक के सभी कार्यों को लोगों के समक्ष सार्वजनिक किया। कंपनी ने लोगों को बताया कि जलोडी टनल के निर्माण के लिए पांच साइटों का चयन किया है। इसमें से दो साइटों की अलाइनमेंट खनाग से घियागी, एक की खनेरानाला से घियागी, जबकि एक खनाग से सजबाड और एक बरगोल खड्ड से घियागी है। इन पांच साइटों में से सिर्फ एक साइट बरगोल खड्ड से घियागी अलाइनमेंट पर शोजा के ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस टनल की अलाइनमेंट शोजा गांव के नीचे से न हो। इसके लिए अन्य विकल्प तलाशा जाए। प्रशासन ने ग्रामीणों की आपत्ति को लिया और उच्चाधिकारियों को भेजा है। बताया जा रहा है कि टनल निर्माण को लेकर यह अलाइनमेंट सबसे बेहतर अलाइनमेंट में से एक है, जबकि टनल से जलोड़ी की प्रसिद्ध धार्मिक सरयोलसर झील प्रभावित न हो, इसका भी कंपनी ने ध्यान रखा है। खनाग में आयोजित जनपरामर्श कार्यक्रम का मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया और जलोड़ी टनल के जल्द निर्माण को लेकर जोर डाला। यहां लोगों ने सुझाव दिए कि टनल निर्माण के समय उनका कोई नुकसान न हो और स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए।
खनाग की जनता से कोई आपत्ति दर्ज नहीं
नेशनल हाईवे प्राधिकरण रामपुर डिवीजन के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने बताया कि दोनों जगह जन परामर्श कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण तरीके से आयोजित हुआ। इसमें आनी के खनाग में जनता की ओर से कोई भी आपत्ति दर्ज नहीं की गई, जबकि बंजार की ओर से शोजा के ग्रामीणों ने बरगोलखड्ड से घियागी अलाइनमेंट पर आपत्ति दर्ज की है, जिसे उच्चाधिकारियों को भेजा गया है।
इस मौके पर आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, जिप सदस्य जीवन ठाकुर, एसडीएम आनी नरेश वर्मा, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, एसडीएम के कार्यवाहक बंजार चिरंजी चौहान, संघर्ष समिति के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
टनल बनने से जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना होगा आसान
जलोड़ी टनल बनने से आनी और निरमंड उपमंडल के लोगों का जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचने के लिए करीब दो घंटे का समय बचेगा और दूरी भी घटेगी। वहीं एनएच-3 को एनएच-5 से जोड़ने वाला एनएच-305 साल भर यातायात के लिए बहाल रहेगा। उल्लेखनीय है कि खनाग से जलोड़ी जोत और घियागी से जलोड़ी जोत तक जो सड़क है, वो अत्यधिक ढलानदार है। अंग्रेजों के समय बनी इस सड़क में इस वजह अनगिनत दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। अधिकतर वाहनों के चक्के यहां गर्म हो जाते हैं और ब्रेक फेल होने का निरंतर खतरा बना रहता है। इसके अलावा क्षेत्र की जनता को सर्दी के मौसम में अत्यधिक बर्फबारी से जलोड़ी जोत के बंद होने की वजह महीनों तक सड़क अवरुद्ध होने से जिला मुख्यालय कुल्लू की आवाजाही प्रभावित रहती है। इस वजह क्षेत्र की जनता बरसों से जलोड़ी टनल निर्माण को सिरे चढ़ाने की गुहार लगा रही है।