वेल्डिंग के कार्य के लिए सुन्नी से बेवठ आ रहा था प्रिंस, शौच करने उतरा और पैर फिसलने से 150 मीटर खाई में जा गिरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की करांगला पंचायत के बेवठ गांव के पास मंगलवार रात को एक युवा खाई में जा गिरा और मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे युवक की ढांक में गिरने से मौत हुई। वह करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। मृतक युवक की पहचान चंबा जिले की तहसील सलूणी डाक पानटा के गांव बालकंडू के 20 वर्षीय प्रिंस कुमार चौधरी पुत्र गयासो राम के रूप में हुई है। युवक वेल्डिंग का काम करता था। इससे पहले वह सुन्नी में काम करता था। मंगलवार को वह सुन्नी से बेवठ वेल्डिंग के कार्य के लिए आ रहा था। बेवठ के पास वह शौच करने के लिए उतरा और पैर फिसलने से खाई में जा गिरा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक को गहरी खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए शव को ननखड़ी अस्पताल पहुंचाया। डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने बताया कि कि पुलिस ने मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।