परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी कैमराें से की जा रही निगरानी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रामपुर उपमंडल में शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही हैं। अब तक किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल का कोई मामला सामने नहीं आया है।
शनिवार को बारहवीं के विद्यार्थियों ने मनोविज्ञान और दसवीं के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विषय की परीक्षा दी। रामपुर उपमंडल में 20 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा दे रहे हैं।
परीक्षा सुबह 9:45 से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की गई। विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने, उत्तर पुस्तिका के पृष्ठों की गणना करने और आवश्यक विवरण भरने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। परीक्षा में प्रश्न पत्र ए, बी और सी सीरीज में उपलब्ध कराए गए थे। बोर्ड के अनुसार परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल का मामला सामने नहीं आया है। 16 मार्च को बारहवीं कक्षा की फ्रेंच और दसवीं कक्षा की कंप्यूटर विज्ञान की बोर्ड परीक्षा होगी।
विद्यार्थी साधना, शगुन, मुस्कान, जागृति और दिया सहित अन्य छात्रों ने बताया कि मनोविज्ञान की परीक्षा में कुछ प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे, हालांकि उन्होंने सभी प्रश्नों के उत्तर देने का प्रयास किया। कन्या स्कूल रामपुर के प्रधानाचार्य पीपी दुल्टा ने बताया कि दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संचालित हो रही हैं। दसवीं की बोर्ड परीक्षा 28 मार्च तक और बारहवीं कक्षा की परीक्षा 1 अप्रैल तक चलेगी।