ठियोग में माकपा नेता पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए।
- फोटो : RAMPUR-HP
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल के छैला में पिछले दिनों ठियोग के रहने वाले अरुण चंदेल नाम के युवक पर घूंड क्षेत्र के लोगों ने हमला बोला था। हमले में घायल अरुण का शिमला के आईजीएमसी में इलाज चल रहा है।
अरुण सीपीआईएम पार्टी का सदस्य है और अब इस पूरे मामले को लेकर माकपा नेताओं ने हल्ला बोल दिया है। माकपा नेता संदीप ने बताया कि अरुण ने चिट्टे के खिलाफ अपनी आवाज उठाई और लोगों ने उसे बुरी तरह से पीट दिया। पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन सात दिन बाद भी पुलिस एक व्यक्ति को पकड़ने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तो यह धरना सांकेतिक है, लेकिन आगामी दिनों में अगर कोई उचित कार्यवाई नहीं की गई तो मजबूरन बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
इस अवसर पर माकपा नेता बालकृष्ण बाली, सुरेेश वर्मा, महेंद्र वर्मा, बबलू हेटा के अलावा सैकड़ों लोगों ने सड़क पर उतरकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के बाहर जनसभा कर माकपा नेताओं ने मामले पर प्रशासन और पुलिस को गंभीरता बरतने को लेकर चेताया। इसके बाद प्रशासन और पुलिस के साथ इन नेताओं की बैठक हुई, जिसमें डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने आंदोलनकारियों को जल्द गिरफ्तारी को लेकर आश्वासन दिया।