नेरवा (रोहड़ू)। क्षत्रिय महासभा ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर चौपाल विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी की आरोप लगाया है। सभा ने चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों के भीतर नेरवा अस्पताल में स्थायी चिकित्सकों एवं अन्य विभागों में खाली पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं की गई तो क्षत्रिय महासभा नेरवा और चौपाल में उग्र आंदोलन और अनशन करेगी।
सभा की ओर से सोमवार को चौपाल में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया तथा लचर व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की गई। इस मौके पर महासभा के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल के प्रभारी उदय सिंगटा विशेष रुप से उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र से चुने हुए जनप्रतिनिधियों ने हमेशा क्षेत्र की अनदेखी की है। चौपाल के अस्पतालों में चिकित्सक तैनात नहीं है। स्वास्थ्य व्यवस्था ठप पड़ी है। अन्य सरकारी विभागों में भी कर्मचारियों के पद खाली चल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति बद से बदतर है। बैठक में क्षत्रिय महासभा के महासचिव रमेश हरजेट, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, मीडिया प्रभारी आशुतोष उपस्थित रहे।