संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। एचपीएसईबी इंप्लाइज यूनियन यूनिट चौपाल ने बिजली संशोधन विधेयक 2025 के विरोध में 12 फरवरी को होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर रविवार को लोक निर्माण विश्राम गृह नेरवा में बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता यूनिट के प्रधान एवं स्टेट बॉडी के उप प्रधान जय दत्त शर्मा ने की। बैठक में आंदोलन की रणनीति बनाई गई। बैठक में आउटसोर्स यूनियन यूनिट के पदाधिकारी व पेंशनभोगी भी शामिल हुए।
वक्ताओं ने कहा कि बिजली संशोधन विधेयक 2025 लागू होने से बिजली दरों में वृद्धि, क्रॉस सब्सिडी व्यवस्था पर असर पड़ेगा। स्मार्ट मीटर लगाने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ तथा कर्मचारियों व पेंशनरों की सेवा सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न होगा। यूनियन ने बिजली उपभोक्ताओं, पेंशनरों एवं आम जनता से अपील की कि इस आंदोलन को सफल बनाएं।