संघ ने प्राथमिक स्कूलों की खेल प्रतियोगिताओं को बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने 21 सितंबर के प्रस्तावित शिक्षा निदेशक निदेशालय के घेराव को एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। यह निर्णय संघ ने शिक्षा मंत्री के साथ सचिवालय में हुई बैठक के बाद लिया गया है। शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश शर्मा, संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रमोद चौहान ने एक संयुक्त बयान में कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के साथ सचिवालय में बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि संघ का 24 सूत्रीय मांग पत्र था, जिसे बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई है। गौर रहे कि प्राथमिक पाठशालाओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं को सरकार और विभाग ने बंद कर दिया था, जिस पर संघ ने रोष व्यक्त किया और सरकार से इसे बहाल करने की भी मांग की। शिक्षा मंत्री ने संघ को आश्वस्त किया कि इस विषय में मुख्यमंत्री महोदय से वार्ता की जाएगी और शीघ्र ही कोई निर्णय ले लिया जाएगा। सर्वविदित है कि संघ ने 21 सितंबर के धरने का नोटिस 17 तारीख की प्रात: निदेशक महोदय को दिया और 17 तारीख की शाम को शिक्षामंत्री ने 18 तारीख की सुबह 11 बजे संघ के पदाधिकारी को बैठक के लिए बुला लिया। संघ को उम्मीद है कि सरकार शीघ्र ही प्राथमिक पाठशालाओं की खेलकूद प्रतियोगिताओं को आरंभ करने सहित अन्य मांगों को भी पूरा करेगी। उन्होंने चेताया कि यदि संघ की मांगे एक सप्ताह के भीतर पूरी नहीं होती तो प्रदेश कार्यकारिणी बैठक कर अगली रणनीति तैयार करेगी।