रिकांगपिओ(किन्नौर)। ग्राम कांग्रेस कमेटी कल्पा की ओर से परियोजना प्रभावित ग्रामीणों के साथ हिमाचल प्रदेश पावर कारपोरेशन (एचपीपीसीएल) पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को पंचायत के प्रभावितों सहित ग्राम कांग्रेस ने तहसीलदार कल्पा और रिकांगपिओ स्थित एचपीपीसीएल कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
ग्राम कांग्रेस कमेटी कल्पा अध्यक्ष प्रवीण नेगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रभावितों ने उपायुक्त किन्नौर, तहसीलदार कल्पा सहित एचपीपीसीएल के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कहा कि एचपीपीसीएल की ओर से कल्पा पंचायत क्षेत्र के प्रभावितों को रोजगार के बदले 500 दिन का न्यूनतम वेतन एकमुश्त देने का करार किया गया था, लेकिन एचपीपीसीएल ने पंचायत चुनावों से पहले कल्पा पंचायत क्षेत्र के प्रभावितों को मात्र 100 दिन का ही न्यूनतम वेतन दिया है। यही नहीं परियोजना प्रबंधन ने अब तक कल्पा पंचायत के प्रभावितों को परियोजना प्रभावित कार्ड भी जारी नहीं किए हैं, जिससे उन्हें मिलने वाले लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने कल्पा पंचायत के प्रभावितों को दी जाने वाली शेष राशि एकमुश्त जारी करने की मांग की है। उन्होंने परियोजना प्रबंधन को चेताया है कि यदि प्रभावितों की मांगों को लेकर उचित कदम नहीं उठाए गए तो प्रभावित सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने परियोजना प्रभावितों को प्रभावित कार्ड जारी कर उन्हें उनके अधिकार दिलाने की मांग की है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी सचिव रंजीत नेगी, देवीनर, प्रीतम नेगी, प्रवक्ता राकेश नेगी, इंटक अध्यक्ष मान चंद नेगी, ईश्वर, राजकुमार सहित अन्य मौजूद रहे।