10 करोड़ की लागत से बना है 150 बिस्तरों वाला पांच मंजिला भवन 16 अगस्त 2022 को हुआ था लोकार्पण, 2024 को उखड़ने लगी थीं टाइलें टाइलें उखड़ने के मामले को लेकर विधायक ने बिठाई थी जांच कमेटी
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के सिविल अस्पताल का नया भवन अब फिर चर्चा में आ गया है। 10 करोड़ की लागत से बना अस्पताल भवन पहले टाइलें उखड़ने की वजह से चर्चा में आया था, अब बारिश के दौरान इसकी छत टपकने से लगी है। जानकारी के अनुसार, 150 बिस्तरों वाले सात मंजिला भवन का निर्माण 2015 में शुरू हुआ था और 16 अगस्त 2022 को अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण हुआ था। अस्पताल के नए भवन के लोकार्पण के करीब दो साल बाद जुलाई 2024 को टाइलें उखड़नीं शुरू हो गई थीं। इसे लेकर विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने एसडीएम ठियोग मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में जांच कमेटी बिठाई थी। लंबे अंतराल के बाद ऊपरी शिमला में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। बारिश ने सिविल अस्पताल के नए भवन की पोल खोल के रख दी। सुबह जब अस्पताल के कर्मी अस्पताल भवन के अंदर आए, तो देखा कि भवन की छत में जगह-जगह से पानी टपक रहा है। उसके बाद पूरे भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पाया कि पुरानी ओपीडी से लेकर नए भवन की छत जगह-जगह टपक रही है। अस्पताल के नए बने भवन की छत से पानी टपकने की घटना ने भवन निर्माण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह जब अस्पताल पहुंचे तो देखा कि नए भवन की छत के अलावा दीवारों से पानी भवन में आ गया। इस बात को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित रूप में इसकी शिकायत कर दी है। - डाॅ. पवन शर्मा, एसएमओ