रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के लालसा में लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए नालियां नहीं बनाईं हैं। इसके कारण अब बारिश होने पर लालसा बस अड्डा मलबे में तबदील हो गया है। वहीं स्थानीय लोगों के घरों में पानी घुस गया है। वर्षों से लालसा के ग्रामीण लोक निर्माण विभाग की इस लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं।
शुक्रवार को भी लालसा में सड़क से नीचे बने घरों में पानी और मलबा घुसने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लालसा पंचायत प्रधान राम कुमार शर्मा, उपप्रधान तुलाराम शर्मा, चंद्र शर्मा, मनोज शर्मा विमल शर्मा, भाग राम शर्मा, राकेश शर्मा और नरेश शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों के अनुसार लोक निर्माण विभाग को बार-बार सूचित करने के बाद भी लालसा बस स्टेंड में टारिंग नहीं होने से यहां काफी खराब हालत है। करीब 250 से 300 मीटर क्षेत्र पूरी तरह से गड्ढों में तबदील हो चुका है। बीते कई दशकों से सोलिंग और मेटलिंग न होने से ग्रामीणों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
उपप्रधान तुलाराम शर्मा ने बताया कि बीते रोज हुई बारिश से शालिग राम शर्मा और भाग राम शर्मा के घरों में पानी और मलबा घुस गया, जिसके चलते उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं। 2017 में विभाग ने कलवर्ट तो लगाए, लेकिन आज तक इस क्षेत्र में पानी की निकासी की व्यवस्था पुख्ता नहीं हो पाई। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और लोनिवि से जल्द से जल्द इस क्षेत्र में निकासी नाली का निर्माण करने और सड़क की टारिंग करने की मांग उठाई है।