सांगला (किन्नौर)। जिले के निचार खंड की उरनी पंचायत की हजारों की आबादी विद्युत के अघोषित कटों से परेशान है। बिजली गुल होने से हजारों ग्रामीणों को कड़ाके की ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से समय रहते समस्या का समाधान करने की मांग की है।
गौरतलब है कि उरनी के तेंग शुरे से लेकर गांव के नागेस देन तक एचटी लाइनों में लंबा स्पेन होने के कारण समस्या पेश आ रही है। तेज हवाओं के चलने से कई बार लाइनों के आपस में टकराने से बत्ती गुल हो जाती है। इसके चलते हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। सोनी स्टार खेल एवं सांस्कृतिक क्लब उरनी के अध्यक्ष राजकुमार नेगी, उपाध्यक्ष श्याम सोनी, महासचिव हरजीत, कोषाध्यक्ष रामदेव नेगी, सहसचिव प्रेम सिंह नेगी, विमल नेगी, प्रेम सागर नेगी, अशोक नेगी, गुरदास नेगी, तेंजिन रत्न नेगी, पूनम नेगी, छेरिंग डोलमा, कृष्णा सोनी और बबिता नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और बोर्ड के अधिकारियों से समय रहते लंबे स्पेन खंभे लगवाकर छोटा कर समस्या दूर करने की गुहार लगाई है।
इसके बारे में विद्युत बोर्ड के एक्सईएन रिकांगपिओ किन्नौर टाशी नेगी ने कहा कि फिलहाल इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि वास्तव में ऐसी दिक्कतें पेश आ रही हैं तो प्राथमिकता के तौर पर समस्या को जल्द दूर किया जाएगा।