चौपाल (रोहडू) विद्युत उपमंडल चौपाल के तहत आने वाले डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बिजली बोर्ड की ओर से नोटिस जारी कर दिए गए हैं। चेतावनी दी है कि दस दिन के भीतर अगर बिल जमा नहीं किया गया तो कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिजली बोर्ड की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर दी गई है।
विद्युत उपमंडल चौपाल के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने कहा कि अगर डिफाल्टर उपभोक्ताओं ने दस दिन के भीतर बिजली का बकाया बिल अदा नहीं किया तो उनका कनेक्शन अस्थायी रूप से बिना किसी आगामी नोटिस के काट दिया जाएगा। इसके बाद डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बिजली के बिल के साथ ढाई सौ रुपये अलग से दोबारा कनेक्शन लगवाने की फीस के रूप में कार्यालय में जमा करवाने पड़ेंगे। उन्होंने सभी डिफॉल्टर उपभोक्ताओं से अपील की है कि 19 नवंबर तक बकाया बिल राशि का भुगतान कर दें। गौरतलब है कि चौपाल बिजली बोर्ड के डिविजन में कई उपभोक्ता बिजली बिल बार-बार आग्रह करने के बावजूद जमा नहीं करवा रहे हैं। बिजली बोर्ड के लाखों रुपये उपभोक्ताओं के पास फंसे हुए हैं। अब बिजली बोर्ड ने सख्ती से वसूली के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।