रोहड़ू। विद्युत उपमंडल चिड़गांव के तहत रोहल पंचायत के तीन गांवों में पिछले पांच दिन से अंधेरा पसरा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण यह समस्या पेश आई है। बिजली बोर्ड पांच दिन बीत जाने के बाद भी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर पाया है। बिजली बोर्ड की लचर कार्यप्रणाली के प्रति लोगों में भारी रोष है। रोहल पंचायत के मंजवाड़ी, गंईचवाड़ी और जतवानी गांवों में बीते पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। तीन गांवों में करीब सौ घरों की बस्ती है।
बिजली सप्लाई ठप होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। घरों में रखे बिजली के उपकरण भी शोपीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय ग्रामीण मनोज मेहता, बुद्धि सिंह, जनेश्वर मेहता, सुरेश जिंटा, प्रशांत कुमार, जोगेंद्र मेहता, दिनेश नेगी, विकास नेगी, तुषार विष्ट, वरुण कुमार, विनीत कुमार, हरीश, अमन, नरेश, मुनीष, लकेश, फूलवंत, किशोर, विपिन लाल आदि का कहना है कि गांव में बिजली न होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग उठाई है कि मंजवाड़ी में विद्युत ट्रांसफार्मर को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता श्याम लाल ने बताया कि बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। बिजली बोर्ड शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगाएगा। इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी जाएगी।