रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर में रविवार को 57 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरुष और महिला मतदाताओं की बराबर की भागीदारी रही। नगर परिषद में शाम चार बजे के बाद मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही मतपेटियों को पोलिंग बूथों से पदम छात्र स्कूल के सभागार में पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम पांच बजे सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ ईवीएम मशीनों को मतगणना केंद्र पहुंचाया गया। पदम छात्र स्कूल के सभागार में मतगणना की गई। नगर परिषद में इस बार 57 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर परिषद के 5157 मतदाताओं में से केवल 2939 मतदाताओं ने ही अपने मत का प्रयोग किया। मतदान में 1362 महिला और 1577 पुरुष मतदाताओं ने हिस्सा लिया। नगर परिषद के कुल 9 वार्डों में सबसे कम मतदान वार्ड नंबर 6 में दर्ज किया गया। यहां 136 मतदाता ही मतदान को पहुंचे। वहीं वार्ड नंबर 1 में 230, वार्ड नंबर 2 में 158, वार्ड नंबर 3 में 632,
वार्ड नंबर 4 में 530, वार्ड नंबर 5 में 448, वार्ड नंबर 7 से 176, वार्ड नंबर 8 में 385 और वार्ड नंबर 9 में 244 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। नप के वार्ड नंबर छह में कोरोना संक्रमित मतदाता विलियम डांग ने अपने मत का प्रयोग कर सशक्त लोकतंत्र का संदेश दिया।
एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि नगर परिषद रामपुर के लिए कुल 57 प्रतिशत मतदान हुआ है। नप के नौ वार्डों में कुल 5157 में से 2939 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। नप के वार्ड नंबर 6 में एक कोरोना संक्रमित मतदाता ने भी अपने मत का प्रयोग किया है।
निवर्तमान अध्यक्ष के वार्ड में सबसे अधिक 632 मत पड़े
नगर परिषद रामपुर की निवर्तमान अध्यक्ष सुमन घाघटा के वार्ड में संख्या के अनुसार सबसे अधिक 632 मत पड़े। शहर के सबसे बड़े मतदाता वाले इस वार्ड से 1153 में से 632 मतदाता मतदान को पहुंचे। वहीं दूसरे बड़े वार्ड नंबर 4 में 806 में से 530 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। नगर परिषद चुनाव में शहर के 3 और 4 वार्ड ही हॉट स्पॉट में शामिल रहे।