रिकांगपिओ (किन्नौर)। प्रदेश पुलिस में आज होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने चाक चौबंद पूरे कर लिए हैं। रिकांगपिओ कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आज परीक्षा केंद्रों में 46 पुलिस कर्मी सेवाएं देंगे। रविवार को पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए 230 उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंचेंगे। सुबह 9 बजे से अभ्यर्थियों की चेकिंग शुरू होगी और सुबह 10 बजे से परीक्षा शुरू होगी। पुलिस हैड क्वार्टर विपन कुमार के अध्यक्षता में शनिवार को परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया।
वहीं एसपी किन्नौर आरएस राणा ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को पर्यवेक्षकों के साथ एक बैठक की, जिसमें उन्होंने परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि पुलिस कांस्टेबल की परीक्षा के मद्देेनजर सरकारी कॉलेज रिकांगपिओ के 6 कमरों में जैमर लगाया गया है। शनिवार से 4 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, जिससे परीक्षा केंद्र पर निगरानी रखी जा सके। परीक्षा केंद्र पर रविवार को 46 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई है, जिनमें पुलिस अधीक्षक और 2 पुलिस उप अधीक्षक के साथ 12 महिला पुलिस कर्मी भी मौजूद रहेंगी। हर परीक्षा केंद्र पर एक-एक पुलिस कर्मी वीडियोग्राफी के लिए तैनात रहेंगे। परीक्षा केंद्र पर ही एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। फोटो और पहचान पत्र मिलान होने के बाद ही परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड दिए जाएंगे। उमीदवार की तलाशी के बाद ही उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की इजाजत होगी। अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग लाइन में तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
परीक्षा केंद्र पर दो डीएसपी भी मौजूद रहेंगे। डीएसपी हेड क्वार्टर विपिन कुमार सभी प्रकार के सीटिंग अरेंजमेंट, जैमर की फंक्शनिंग और वीडियोग्राफी पर नजरें बनाए रहेंगे। वहीं डीएसपी भावानगर एडमिट कार्ड, तलाशी और आईकार्ड की जांच करेंगे। परीक्षा केंद्र पर ओवर आल इंचार्ज जिला के पुलिस अधीक्षक संभालेंगे।