रिकांगपिओ (किन्नौर)। छुट्टी से आने वाले कर्मचारी यदि किसी भी प्रकार से सूचना छुपाता है या खुलासा नहीं करता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि प्रदेश में बढ़ते कोविड-19 के संक्रमण से पुलिसकर्मी भी अछूते नहीं हैं। जिले में अब तक चार पुलिस कर्मचारी संक्रमित हो चुके हैं।
एसपी ने कहा कि जारी दिशा निर्देश के अनुसार अब प्रत्येक पुलिस कर्मचारी जो छुट्टी से वापस आएगा, उसे यह प्रमाण पत्र देना होगा कि क्या छुट्टी के दौरान उसने किसी रेड जोन की यात्रा की है या नहीं? छुट्टी के दौरान वह किन स्थानों पर गया। यदि उसकी ओर से प्रदान की गई जानकारी में यह पाया जाता है कि उसने रेड जोन में यात्रा की थी तो उसे संस्थागत संगरोध करना सुनिश्चित करवाया जाएगा। अवकाश से वापस आने वाले प्रत्येक कर्मचारी का चिकित्सा परीक्षण अनिवार्य होगा और चिकित्सा परीक्षण के पश्चात स्वस्थ होने की स्थिति में ही ड्यूटी ज्वाइन करने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा सभी थाना प्रभारी, चौकी और बैरियर इंचार्ज, लाइन अधिकारी, पुलिस लाइन रिकांगपिओ और मुख्य लिपिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आदेश जारी किए गए हैं कि वे थाना, चौकियों और कार्यालय में सही सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। थाना और चौकी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति से फेस कवर, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजर का इस्तेमाल सुनिश्चित करेंगे।