उपमंडल टिक्कर के गांव ब्रेष्टू में पेयजल में दवा जैसी गंध आने और उसमें मिलावट पाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना रोहडू में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता आदर्श शर्मा पुत्र स्व. विनोद शर्मा निवासी गांव ब्रेष्टू, डाकघर शरौथा, तहसील टिक्कर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 फरवरी को दोपहर के समय जब वह भोजन कर रहा था, तो उसे पीने के पानी से दवा जैसी गंध आने लगी।
इसके बाद उसने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। शिकायतकर्ता की ओर से जल का नमूना जल शक्ति विभाग के माध्यम से जांच के लिए भेजा गया। विभाग की ओर से की गई जांच में पानी में किसी औषधीय पदार्थ की मिलावट की पुष्टि हुई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस चौकी टिक्कर के प्रभारी एएसआई रविंद्र कुमार की ओर से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आदर्श शर्मा ने बताया कि कीटनाशक की पुष्टि के बाद पेयजल टैंक और लोगों के घरों में लगी पानी की टंकियों को खाली व साफ किया गया। इसकी शिकायत उन्होंने पहले जल शक्ति विभाग को दी। 10 फरवरी को दूसरी शिकायत पुलिस को दी गई। आदर्श शर्मा ने बताया कि पानी में डरमट नाम के कीटनाशक जैसी बदबू आ रही थी। वहीं, पानी में कीटनाशक की घटना से क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया है। इस हरकत को पूरे गांव को खत्म करने की साजिश के तौर पर देखा जा रहा है।