दो दिन तक होगा प्लॉट आवंटन, 5 से 8 मार्च तक सजेगा जिला स्तरीय मेला
.नगर परिषद बाहरी राज्यों और स्थानीय व्यापारियों को करेगी प्लॉट आवंटन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देव संस्कृति और रामपुर की सांस्कृतिक विरासत की पहचान जिला स्तरीय फाग मेले को लेकर प्रशासन और नगर परिषद तैयारियों में जुट गए हैं। सोमवार से मेले में सजने वाली दुकानों के लिए प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी। रामपुर में नेशनल हाईवे-पांच पर सजने वालीं दुकानों के लिए दो दिन तक प्लॉट आवंटन प्रक्रिया चलेगी। रामपुर का जिला स्तरीय फाग मेला सदियों पुरानी देव परंपराओं का संजोये हुए है। आज भी इस मेले में शिमला, कुल्लू और किन्नौर जिले से हजारों लोग पहुंचते हैं और देव संस्कृति के रंगों में रंग जाते हैं। इस बार फाग मेला 5 से 8 मार्च तक आयोजित हो रहा है। मेले में शिमला और कुल्लू जिले के 21 देवी-देवता भाग लेंगे। चार दिन तक पदम महल परिसर देव ध्वनियों से गूंजेगा। वहीं, नेशनल हाईवे-पांच पर मेले के दौरान व्यापारिक गतिविधियां चलेंगी। एसडीएम कार्यालय से लेकर पुराने बस अड्डे तक फाग मेले के दौरान दुकानें सजती हैं, जो इस बार भी सजेंगी। मेले में बाहरी राज्यों और क्षेत्र भर से आने वाले व्यापारियों के लिए सोमवार से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। नगर परिषद के अधिकारी 2 और 3 मार्च को व्यापारियों को प्लॉट आवंटित करेंगे। नगर परिषद की ओर से आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय मेले में दुकानों से प्राप्त राशि को मेले के आयोजन और मेले में भाग लेने आए देवी -देवताओं की नजराना राशि पर खर्च किया जाता है। फाग मेले के दौरान एनएच के दोनों ओर 110 से अधिक दुकानें सजती हैं, जिसमें करीब एक माह तक व्यापारिक गतिविधियों का सिलसिला चला रहता है। मेले में चार दिन जहां देव धुनों और नाटियों का दौर चलता रहता है, वहीं करीब एक माह तक लोग खरीदारी का भी आनंद लेते हैं। मेले के आयोजन को लेकर नगर परिषद ने एनएच पांच पर मेला आयोजन के लिए चयनित स्थान पर वाहनों को पार्क न करने की अपील की है।
फाग मेले को लेकर सोमवार से प्लॉट आवंटन प्रक्रिया शुरू होगी, जो 3 मार्च तक चलेगी। उन्होंने इच्छुक व्यापारियों से समय पर आकर प्लॉट खरीदने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मेले की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। 5 से 8 मार्च तक जिला स्तरीय फाग मेला मनाया जाएगा।
बीआर नेगी, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद रामपुर