बीमारियों का बढ़ा अंदेशा, लोग और दुकानदार झेल रहे परेशानी
सफाई कर्मी के नौकरी छोड़ने से पैदा हुई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। दलाश बाजार में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। करीब 10 दिन से बाजार में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था सुचारू न होने से लोग परेशान हैं।
बाजार में जगह-जगह कूड़ा-कचरा पसरा है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों को भी कूड़ा फेंकने में परेशानी हो रही है। यह समस्या सफाई कर्मी के नौकरी छोड़कर जाने के कारण पैदा हुई है। दलाश बाजार क्षेत्र की करीब आधा दर्जन पंचायतों का केंद्र है। दिनभर बाजार में सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सफाई व्यवस्था सुचारू न होने के कारण यहां पहुंचने वाले लोगों का गंदगी से सामना हो रहा है।
दलाश बाजार में सरकारी कार्यालय और बैंक भी हैं। बाजार में लोगों की चहल-पहल बनी रहती है, लेकिन सफाई व्यवस्था चरमराने से राहगीर भी परेशान हैं। खुले में पसरी गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का अंदेशा बना हुआ है और वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है।
इस बारे में व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष मेहर चंद शर्मा का कहना है कि बाजार में जो सफाई कर्मचारी लगाया गया था, वह काम छोड़कर चला गया है। अब बाजार की सफाई के लिए नए कर्मचारी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति दलाश बाजार में सफाई करने का इच्छुक है, तो वह व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से संपर्क करे।