संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। पशुपालन विभाग चौपाल की ओर से आयोजित पशु मित्र भर्ती के तहत शनिवार को शारीरिक परीक्षण आयोजित किया गया। इस परीक्षण में 10 पदों के लिए 152 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों की फिटनेस, सहनशक्ति और कार्यक्षमता का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया, जिससे चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।
आयोजन के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। स्थल पर चिकित्सा सुविधा के साथ विशेषज्ञों की टीम भी तैनात रही, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी चौपाल डॉ. राजीव मेहता ने बताया कि चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए योग्य अभ्यर्थियों की सूची शीघ्र जारी की जाएगी। इस अवसर पर अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के उत्साह और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।