रामपुर बुशहर। ननखड़ी तहसील के तहत देलठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दो माह से ताला लटका हुआ है। इसके चलते लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग को कई बार चिकित्सक और फार्मासिस्ट के खाली पद भरने की मांग उठाई, लेकिन आज तक स्टाफ की तैनाती नहीं की गई। इससे लोगों में सरकार के प्रति रोष है।
ग्रामीणों रणवीर मेहता, संजय, नरेंद्र कुमार, पवन कुमार, सुशील कुमार, जितेंद्र, नरेंद्र शर्मा, भुवनेश, अश्वनी कुमार और विनोद कुमार ने बताया कि देलठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दो माह से डॉक्टर और फार्मासिस्ट का पद खाली है।
ग्रामीणों का कहना है कि दो माह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ताला लटका हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र से क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों करांगला, ग्राम पंचायत देलठ और ग्राम पंचायत बड़ाच के ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं न मिलने से परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है जल्द खाली पदों को भरा जाए। उधर, बीएमओ ननखड़ी महेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि ननखड़ी के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी चल रही है। विभाग ने समय -समय पर उच्च अधिकारियों को कई बार इसके बारे में सूचित किया है। उम्मीद है कि जल्द रिक्त पदों को भर दिया जाएगा।