आनी (कुल्लू)। निरमंड के जाओं में करीब दस साल पहले पीएचसी भवन बनाने की आधारशिला रखी गई थी। लेकिन, आज तक इसमें एक ईंट तक नहीं लग पाई है। लोगों का कहना है कि पीएचसी भवन के शिलान्यास होने के बाद इसकी आज तक सुध नहीं ली गई। इसको लेकर क्षेत्रवासियों में रोष है।
ग्रामीणों ने सरकार और विभाग के उच्चाधिकारियों से भवन का निर्माण कार्य अतिशीघ्र शुरू करवाने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक निरमंड के जाओं में पूर्व में रहे विधायक किशोर लाल सागर के समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने को लेकर शिलान्यास तो कर दिया गया लेकिन अभी तक भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। हालांकि, इसके लिए सरकार की ओर से 67 लाख रुपये स्वीकृत भी कर दिए गए हैं लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते यहां पर एक ईंट भी नहीं लग पाई है।
निरमंड के जाओं में जहां शिलान्यास किया गया है वहां अब शिलान्यास पट्टिका भी नहीं है। कुछ शरारती तत्वों ने शिलान्यास पट्टिका को ही यहां से उखाड़ फेंक दिया है। गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए कई किमी दूर निरमंड जाना पड़ता है। ग्रामीणों को आशंका है कि करीब दस साल में भवन नहीं बना तो ऐसे में तो पैसे भी लैप्स हो जाएंगे।
चायल पंचायत प्रधान जगदीश का कहना है कि पूर्व में पिछले कार्यकाल के समय विधायक ने पीएचसी का शिलान्यास किया था। इसके बाद यहां पर आज तक कोई भी कार्य नहीं हो पाया है। सरकार और विधायक से मांग है कि लोगों की समस्या को देखते हुए यहां पर जल्द पीएचसी का निर्माण करवाया जाए। जाओं पीएचसी भवन के लिए करीब 67 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग से कई बार बात की गई है। अभी दोबारा मिलकर बातचीत की गई है।
बीएमओ निरमंड अनुमपा गुप्ता ने बताया कि पीएचसी जाओं के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जल्द यहां पर आलीशान पीएचसी भवन बनाया जाएगा। इसमें डॉक्टर आवास के अलावा सभी तरह की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसमें स्वास्थ्य विभाग ने पुराने नक्शे की जगह अब नया बनाने की बात कही है।