पीजी कॉलेज रामपुर एनएसएस दिवस पर मौजूद स्वयं सेवी और मुख्यातिथि। संवाद
पीजी कॉलेज रामपुर में एनएसएस दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर बुशहर में मंगलवार को एनएसएस दिवस मनाया। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम एनएसएस यूनिट 1 की प्रो. रंजू नेगी और एनएसएस यूनिट-2 के डॉ. विपन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उसके बाद कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विपन शर्मा ने सभी अतिथियों और स्वयंसेवियों का स्वागत किया और युवाओं और समाज के लिए एनएसएस की भूमिका और कार्यों का परिचय दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ स्वयं सेवियों ने स्वदेशी संस्कृति के प्रति अपनी जागरूकता और प्रेम दिखाया। डॉ. पंकज बसोतिया ने छात्रों को विवेकानंद और महात्मा गांधी की शिक्षाओं के बारे में बताया और समाज सेवा पर उनके प्रभाव और इन मूल्यों को बढ़ावा देने में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने एनएसएस दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला और छात्रों को सामुदायिक सेवा और नेतृत्व की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस कार्यक्रम के एक भाग के रूप में स्वयंसेवियों ने स्वच्छता ही सेवा विषय पर भाषण, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन पर एक साहित्यिक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रोफेसर राजेश नेगी, डॉ. अनीता और प्रो. नोरबू जांगमो ने छात्रों का चयन किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में सान्या भारती प्रथम, प्रिया द्वितीय, पायल ठाकुर तृतीय, पोस्टर मेकिंग में आंचल कपूर प्रथम, हीना द्वितीय और सानिया तृतीय रही। भाषण प्रतियोगिता में नमिता ने पहला, अभय ने दूसरा और तमन्ना ने तीसरा स्थान, निबंध लेखन में दीक्षा पहले, रीतिका दूसरे और रीतिका मेहता तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम का समापन प्रो. रंजू नेगी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।