संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देश की सबसे बड़ी नाथपा झाकड़ी विद्युत परियोजना के नाथपा बांध में पानी का जलस्तर बढ़ रहा है। इसके चलते प्रशासन और परियोजना ने लोगों से सतलुज के किनारे न जाने का आह्वान किया है।
एसडीएम रामपुर निशांत तोमर ने कहा कि झाकड़ी परियोजना के नाथपा स्थित बांध में पानी का स्तर बढ़ रहा है। इस कारण सतलुज का जलस्तर बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सतलुज किनारे जाने से बचें। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने के लिए नदी से उचित दूरी बनाए रखने, नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन द्वारा समय-समय पर बजाए जाने वाली सायरन (हूटर) को सुनने और चेतावनी संकेतों की अनिवार्यत: अनुपालना करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि नदी के तल के आसपास के क्षेत्र में आने जाने से बचें। पैदल चलने के साथ-साथ पशुओं को चराई के लिए भी नदी के किनारे न ले जाएं। नदी का अचानक जलस्तर बढ़ने से खतरा हो सकता है। परियोजना प्रबंधन ने कहा कि सतलुज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में सतलुज के किनारे जाना खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में लोगों को एहतियातन नदी से उचित दूरी बनाई रखनी जरूरी है।