कुर्पण खड्ड पर से जल शक्ति विभाग करेगा पीडब्ल्यूएस योजना का निर्माण
तकनीकी मंजूरी के लिए भेजा मामला, जल्द होगा कार्य शुरू
राकेश बिनी
निरमंड (कुल्लू)। नगर पंचायत निरमंड के हजारों बाशिंदों को जल्द ही 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। जल शक्ति विभाग पीडब्ल्यूएसएस (पाइप वाटर सप्लाई स्कीम) के तहत लोगों को सुचारु पेयजल आपूर्ति करेगा। अमृत 2.0 योजना के तहत बन रही इस योजना पर करीब 9.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। विभाग कुर्पण खड्ड से इस योजना का निर्माण करेगा। करीब एक वर्ष में यह योजना बनकर तैयार होगी। उसके बाद निरमंड के हजारों लोगों को पेयजल किल्लत की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। जल शक्ति विभाग जल्द ही नगर पंचायत में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति देगा। अमृत 2.0 योजना के तहत नई पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। इस पर 9.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। योजना की एक्सपेंडिचर एंड एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल मिल चुकी है और योजना की फाइल अब तकनीकी मंजूरी के लिए चीफ इंजीनियर के पास भेजी गई है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। पीडब्ल्यूएसएस योजना सिर्फ नगर पंचायत निरमंड के लिए बनेगी। योजना के तहत विभाग बागीपुल में कुर्पण खड्ड पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, टैंक, भंडारण टैंक और करीब 22 किलोमीटर लंबी पेयजल लाइन बिछाएगा। योजना सिरे चढ़ने से नगर पंचायत के सात वार्डों की करीब दो हजार की आबादी लाभान्वित होगी। नगर पंचायत के हजारों लोगों की पेयजल संबंधित समस्याओं का हमेशा के लिए निपटारा होगा।
निरमंड कस्बे के लिए अमृत 2.0 योजना के तहत कुर्पण खड्ड से पेयजल योजना तैयार की जाएगी। योजना पर करीब 9.50 करोड़ खर्च होंगे। यह योजना एक वर्ष में बनकर तैयार होगी। तकनीकी मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
- किशोर शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग आनी
निरमंड कस्बा। संवाद