. मेला मैदान और एनएच-पांच पर अस्थायी दुकानों की कटी बिजली
. अंधेरे में भी कारोबार में डटे कई व्यापारी
. मेला कमेटी ने व्यापारियों को दिए प्लॉट खाली करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर में 11 नवंबर से सजा अंतरराष्ट्रीय लवी मेला अब सिमटने के कगार पर पहुंच गया है। मेेले में आए व्यापारी अब अपना सामान समेटने लग गए हैं। 80 फीसदी से अधिक किन्नौरी मार्केट खाली हो गई है। मेला आयोजन समिति ने मेला मैदान और एनएच-पांच पर सजी अस्थायी दुकानों की बिजली काट दी है। इसके बावजूद कई कारोबारी अभी भी कारोबार में डटे हुए हैं। वीरवार को छुट्टी के चलते और मेला समाप्ति को देखते हुए हजारों की संख्या में लोग मेले में खरीदारी करने पहुंचे। मेला समाप्ति के कारण अब लोगों को और अधिक सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध हो रहा है। लवी मेले का बाजार दिसंबर के अंतिम दिनों तक पहुंच गया है। मेला कमेटी ने कई बार कारोबारियों को अस्थायी दुकानों के हटाने का आदेश दिया। इसके बावजूद इस साल भी मेले में व्यापार गतिविधियां 25 दिसंबर तक पहुंच गईं। हालांकि, मेला कमेटी ने व्यापारियों से कई बार दुकानें हटाने को लेकर नोटिस जारी किए, लेकिन व्यापारी व्यापार करने जुटे रहे। मेला समिति ने अब सख्त रुख अपनाते हुए मेला मैदान की बिजली काट दी है। अब सैकड़ों व्यापारियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। ऐसे में मेला मैदान में बिजली कटते ही व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कारोबारियों का कहना है कि उन्हें मुख्यमंत्री से 25 दिसंबर तक मेला सजाने की अनुमति मिली थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने समय से पहले ही बिजली काट दी। व्यापारियों ने कहा कि मेला कमेटी का यह रुख बिल्कुल तर्कसंगत नहीं है। बिजली कटने के बाद भी व्यापारी मेला मैदान और एनएच-पांच पर व्यापार सजाए हुए हैं। वीरवार को छुट्टी के चलते लोग काफी संख्या में मेला मैदान पहुंचे। मेले में बढ़ती भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रही। लोगों ने दिन भर मेले में जमकर खरीदारी की। वहीं कुछ व्यापारियों ने अपना सामान समेट लिया है।
मेले में आए व्यापारियों को स्टॉल और दुकानें हटाने का आदेश दिया है। किसी भी प्रकार की कार्रवाई से बचने के लिए कारोबारी स्वयं अपना सामान समेट लें।
-हर्ष अमरेंद्र सिंह, मेला समिति सचिव एवं एसडीएम रामपुर