32 पंचायतों से ग्रामीण पहुंचते हैं रोजाना मुख्यालय, झेलनी पड़ती है समस्या
विज्ञापन
निरमंड में सड़क के किनारे बेतरतीब पार्क किए जा रहे वाहन
राकेश बिनी शर्मा
निरमंड (कुल्लू)। कुल्लू जिले के उपमंडल निरमंड में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन पार्किंग के उचित इंतजाम नहीं है। इस कारण रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या रहती है। 32 पंचायतों से ग्रामीण रोजाना मुख्यालय पहुंचते है और यहां आकर जाम की समस्या से दो चार होना पड़ता है। पार्किंग के अभाव में तंगहाल सड़क के किनारे लोग वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक जाम लग जाता है। ब्लॉक कैंची से बस अड्डे, आईटीआई मोड़ और एसबीआई बैंक के आसपास सड़क किनारे खड़े वाहन देखे जा सकते हैं। इस कारण इन क्षेत्रों में रोजाना जाम लगता है। निरमंड व्यापारिक दृष्टि से 32 से ज्यादा पंचायतों का केंद्र बिंदु है। यहां कई सरकारी कार्यालयों, बाजार और निजी संस्थान होने के कारण ट्रैफिक का दवाब लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही दुर्घटनाओं का ग्राफ और अनहोनी का अंदेशा भी बना रहता है। वक्त बदलता गया और उपमंडल मुख्यालय निरमंड में वक्त के साथ वाहनों की संख्या बढ़ी, लेकिन करीब 5 दशक बीतने के बाद भी न तंगहाल सड़कें बदली और न ही पार्किंग का निर्माण सुनिश्चित हो पाया। क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा आज दिन तक नहीं मिल पाई है। छोटे वाहन हों या फिर बड़े, सभी को पार्क करना परेशानियों का सबब बना हुआ है।
प्रशासन जाम की समस्या से दे राहत
कस्बेवासी दीपक शर्मा, योगेश भार्गव, धर्मपाल, राम स्वरूप, संजीव, राकेश कुमार और सुरजीत कहा कि निरमंड बस अड्डे के आसपास या गेट के पास बेतरतीब खड़े वाहन जाम और असुविधा का कारण बनते हैं। पार्किंग की व्यवस्था न होने से रोजाना वाहन चालक परेशानी झेलने को मजबूर हैं। लोगों ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और नगर पंचायत से क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण कर लोगों का राहत देने की मांग की है।
विज्ञापन
निरमंड में पार्किंग को लेकर उपायुक्त कुल्लू ने दो साल पहले अधिसूचना जारी की है, लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। पार्किंग के अभाव में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं बढ़ी हुई हैं। -विकास शर्मा, उपाध्यक्ष, नगर पंचायत निरमंड
कस्बे में पार्किंग, नो पार्किंग और नो एंट्री क्षेत्र पहले से ही निर्धारित किए गए हैं। इसकी अधिसूचना उपायुक्त कुल्लू ने जारी की है। पुलिस विभाग को इस अधिसूचना को सख्ती से लागू करने के निर्देश बार-बार दिए जा रहे हैं। क्षेत्र में पार्किंग निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। - मनमोहन सिंह, एसडीएम निरमंड
निरमंड बस अड्डे में पार्किंग की सुविधा न होने से सडक़ पर खड़े हो रहे वाहन। संवाद