आश्वासनों तक ही सीमित रह गया बहुमंजिला पार्किंग का सपना, आए दिन जाम से जनता बेहाल
. लोगों को मिनटों का सफर तय करने में रहा रहा लंबा समय
हरिकृष्ण शर्मा
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में पार्किंग की समस्या अब विकराल हो चुकी है। उपमंडल में वाहनों की संख्या 10 हजार के आंकड़े को पार कर चुकी है, लेकिन इसके अनुरूप पार्किंग व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी है। स्थानीय लोग कई साल से बहुमंजिला पार्किंग की मांग कर रहे हैं, लेकिन यह मांग केवल आश्वासनों तक ही सीमित रह गई है। आनी पंचायत ने एक छोटा पार्किंग स्थल बनाया है, जिसमें मुश्किल से 70–80 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था है। आनी कस्बे में आने वाले लोगों को मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे जाम की समस्या पैदा हो जाती है। आनी उपमंडल में जनसंख्या की वृद्धि हो रही है। साथ ही वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पार्किंग की स्थायी व्यवस्था न होने से आनी बाजार क्षेत्र में रोजाना यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। जाम लगने से आम लोगों को परेशान होना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपने आवश्यक कार्यों के लिए रोजाना आनी बाजार पहुंचते हैं। बाजार में पहुंचते ही सबसे पहले उन्हें वाहन को खड़ा करने की चिंता रहती है। सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने पर पुलिस चालान काट देती है, जिससे दिक्कत और बढ़ जाती है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय दुकानदारों के व्यवसाय पर भी असर पर पड़ रहा है।
छोटे-छोटे पार्किंग स्थल बनाने से मिलेगी राहत
व्यापार मंडल आनी के अध्यक्ष विनोद चंदेल का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होता है, तब तक क्षेत्रवार छोटे-छोटे पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जाना चाहिए। रोपड़ी, किरण बाजार, जाबन क्षेत्र और अस्पताल रोड पर अस्थायी पार्किंग स्थल बनाने से लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
विज्ञापन
पैदल चलना हुआ मुश्किल
कस्बे के युवा मोहर सिंह (मोनू) भारद्वाज ने बताया कि मुख्य बाजार, बस अड्डा और अस्पताल रोड के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
समय रहते समाधान करना जरूरी
गुलाब ठाकुर ने कहा कि आनी जैसे तेजी से विकसित हो रहे कस्बे में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। यदि समय रहते इसका समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और भी खराब हो सकती है।
बढ़ते वाहनों को देखते हुए कस्बे में एक बड़ी पार्किंग अत्यंत आवश्यक है। इस संदर्भ में रूपरेखा तैयार की जाएगी। जल्द ही इसके लिए ठोस कदम उठाने पर विचार होगा।