चुनावी मुद्दा : शहर के एकमात्र पार्क पर भी लटका रहता है ताला
विज्ञापन
नौ वार्डों के लोग पार्क के निर्माण की वर्षों से लगाए हैं आस हाउस में भी कई बार पार्कों के निर्माण की बनाईं योजनाएं संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर में चुनावी बेला चल रही है। चुनाव चिह्न मिलने के बाद नगर परिषद के नौ वार्डों में प्रत्याशी प्रचार में जुट गए हैं। हर बार चुनाव में नगर परिषद के मतदाताओं को पार्क निर्माण के सपने तो दिखाए जाते हैं, लेकिन जनता से किए गए वादे आज दिन तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं। नगर परिषद के नौ वार्डों के लोग आज भी पार्कों के निर्माण की आस लगाए हुए हैं। नगर परिषद रामपुर व्यापारिक, शैक्षणिक गतिविधियों समेत स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाला मुख्य क्षेत्र है। यहां चार जिलों से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना रहता है। नेशनल हाईवे-पांच खनेरी से लेकर डकोलढ़ तक फैले नगर परिषद क्षेत्र के हजारों लोग आज भी पार्क की समस्या से जूझ रहे हैं।
रामपुर मुख्य शहर के गांधी पार्क के अलावा शहर में कोई पार्क नहीं है। हालांकि, वार्ड नंबर-दो और तीन में एक-एक शिशु पार्क है, लेकिन इनकी हालत भी खस्ता है। नौ वार्डों की करीब पांच हजार से अधिक आबादी के लिए पार्क की सुविधा नहीं है। चुनाव के दौरान वार्ड के लोगों से उम्मीदवार पार्क के निर्माण की बात तो जरूर करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद पार्कों का निर्माण ठंडे बस्ते में पड़ जाता है। नगर परिषद की बैठकों में भी पार्कों के निर्माण की योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन नगर परिषद क्षेत्र में एक भी नया पार्क आज दिन तक नहीं बन पाया है। वार्डों में रहने वाले लोगों खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों को पार्क की खासी दरकार है। बुजुर्गों को नगर परिषद क्षेत्र में बैठने के लिए कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां वे घूम फिर सकें। बुजुर्ग नेशनल हाईवे-पांच पर सैर करने को मजबूर हैं, जहां हर वक्त हादसा होने का खतरा बना रहता है। नगर परिषद ने वार्ड नंबर-8, 9 और 2 में पार्क का निर्माण करने की योजना भी बनाई थी, लेकिन वर्तमान में यह योजना फाइलों में सिमटकर रह गई है। कई वर्ष पूर्व शहर के वार्ड नंबर-4 में पार्क का निर्माण कार्य भी शुरू हुआ, लेकिन आज दिन तक न तो पार्क का निर्माण पूरा हुआ और न ही लोगों को इसकी सुविधा मिल पाई। इस बार के चुनाव में प्रत्याशियों को मतदाताओं को रिझाने के लिए पार्क भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है।
विज्ञापन
नगर परिषद क्षेत्र के लोगों का कहना
वार्ड नंबर-1 के दुष्यंत मेहता ने बताया कि नगर परिषद के अधिकतर वार्ड पार्क की कमी से जूझ रहे हैं। वार्डों में रहने वाले लोगों से टैक्स की वसूली तो होती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर आज भी वार्डों के लोग जूझ रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र में रहने वाली लोगों के लिए पार्कों का निर्माण प्रमुखता से किया जाना चाहिए।
वार्ड नंबर-तीन के निवासी विनय शर्मा ने बताया कि बुजुर्गों, शहर आने वाले लोगों और बच्चों की सुविधा के लिए नगर परिषद क्षेत्र में पार्कों की व्यवस्था नाममात्र है। लोगों की सुविधा को देखते हुए नगर परिषद के सभी वार्डों में पार्कों का निर्माण किया जाना चाहिए।
नगर परिषद निवासी अजय शर्मा ने बताया कि नगर परिषद के नौ वार्ड हैं, लेकिन शहर में केवल एकमात्र ही पार्क है। यहां भी दिन के समय ताला लटका रहता है और लोगों को यहां बैठने की सुविधा नहीं मिलती। उन्होंने सभी वार्डों में पार्कों का निर्माण कर राहत देने की मांग की है।
रामपुर के शिशु पार्क में बच्चों को खेलने के लिए नहीं पर्याप्त बंदोबस्त। संवाद
रामपुर के शिशु पार्क में बच्चों को खेलने के लिए नहीं पर्याप्त बंदोबस्त। संवाद
रामपुर के शिशु पार्क में बच्चों को खेलने के लिए नहीं पर्याप्त बंदोबस्त। संवाद
रामपुर के शिशु पार्क में बच्चों को खेलने के लिए नहीं पर्याप्त बंदोबस्त। संवाद