सांगला (किन्नौर)। पंचायतीराज चुनाव का बिगुल बजते ही सभी पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। जिले में होने वाले पंचायतीराज चुनाव को लेकर किन्नौर के कल्पा, पूह और निचार खंडों में पार्टियां अपने अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए बैठकें कर रणनीति बनाने में जुट गई हैं। पंचायतों में प्रधान उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सीट के लिए अपने-अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित बनाने के लिए इन दिनों भाजपा और कांग्रेस हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी चुनावों की गर्मी का अहसास करते हुए समीकरण बनाने में जुटे हैं।
विधायक किन्नौर एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार तीन वर्ष पूरा होने पर जश्न मना रही है, लेकिन भाजपा सरकार के तीन वर्ष के कार्यकाल में हिमाचल में विकास को भारी धक्का लगा है। प्रदेश में विकास करने के बजाय प्रदेश को पीछे धकेला है। सड़कें, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, जल शक्ति विभाग सहित अन्य विभागों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। भाजपा सरकार तो वैश्विक महामारी कोरोना संकटकाल के दौरान भी भ्रष्टाचार करने में पीछे नहीं हटी। इस संकट काल के दौरान सचिवालय में 50 रुपये के सैनिटाइजर को ढाई सौ सौ रुपये में बेचा गया।
कांग्रेस के समय में नौतोड़ मामलों को संशोधन कर लोगों को पट्टे जारी किए जा रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार ने नौतोड़ के मसलों को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया। नेगी ने उमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को आगामी पंचायतीराज चुनाव में इसका कांग्रेस मुंहतोड़ जवाब देगी। कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में किन्नौर जिले में विकास कार्य ठप पड़े हैं। जनता जानती है कि किस सरकार ने जिले में कितना विकास किया है।