ठेकेदार के दलाश सड़क के रोके निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। नगान-श्वाड़ सड़क पर क्रैश बैरियर लगे होते, तो शकैलड़ में बस हादसा नहीं होता। पंचायत समिति के सदस्यों ने कहा कि पिछली बैठक में लोक निर्माण विभाग से खतरनाक सड़कों पर क्रैश बेरियर लगाने की मांग उठाई थी। इसके बावजूद विभाग ने सुध नहीं ली। मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में पंचायत समिति की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता आनी ब्लॉक समिति की अध्यक्ष विजय कंवर ने की। बैठक में बिजली, पानी और सड़क के मुद्दों पर चर्चा हुई। पंचायत समिति की अध्यक्ष विजय कंवर ने दलाश से लूहरी सड़क पर ठेकेदार के बंद किए विस्तारीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग से ठेकेदार के बंद किए कार्य को जल्द शुरू करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर वाहन चलाना खतरनाक है, अब तक कई हादसे सड़क संकरी होने की वजह से पेश आ चुके हैं। च्वाई–बखनाओ के पंचायत समिति सदस्य आत्मा राम ने डुगा के क्षेत्र में चल रही पानी की कमी पर चिंता व्यक्त की। वहीं, पंचायत समिति सदस्य जोत राम ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं।
आनी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की भी उठाई मांग
बैठक में समिति सदस्यों ने कहा आनी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने के कारण क्षेत्र की महिलाओं को समस्याएं आ रही हैं। क्षेत्र की महिलाओं को इलाज के लिए आनी से कई किलोमीटर दूर कुल्लू, शिमला और रामपुर जाना पड़ रहा है। कई महिलाओं की आर्थिक की कमजोर होने के चलते दूर के अस्पतालों में इलाज करवाना मुश्किल भरा रहता है। ऐसे में उन्होंने सरकार से अन्य अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की जल्द नियुक्ति की मांग उठाई है। इससे पूर्व बैठक में पुरानी प्रस्ताव पर चर्चा हुई और नए प्रस्तावों को विभाग अध्यक्षों के समक्ष रखा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में समिति अध्यक्षा विजय कवर, उपाध्यक्ष संदीप ठाकुर, भावना ठाकुर, आत्माराम, आशा ठाकुर, रचना, कुशाल वर्मा, बीपीओ शांति देवी, मदनलाल, प्रताप सिंह ,डॉक्टर हरीश, कल्पना, ओम प्रकाश, पुष्पवर्मा, प्रेम कुमार, सतीश कुमार आदि समिति सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।