रामपुर बुशहर। किन्नौर के उपमंडल पूह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक चिकित्सक की तैनाती की गई है। इससे इस दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिली है। ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए भी मुख्यालय रिकांगपिओ जाना पड़ रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी पूह में डॉ. स्पर्श रोशन तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
सीएचसी में कई बार चिकित्सक नहीं मिलने से ग्रामीणों को बिना उपचार करवाए मायूस होकर लौटना पड़ता था। ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारी के उपचार के लिए भी रिकांगपिओ जाना पड़ रहा था। स्वास्थ्य सुविधाएं चरमराने से ग्रामीणों में सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी रोष था। अब चिकित्सक की तैनाती से लोगों को आर्थिक और शारीरिक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेंगी। खासकर, गरीब तबके के मरीजों को उपचार के लिए दर दर नहीं भटकना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सक को निर्देश दिए है कि वह तत्काल अपने कार्यभार ग्रहण करें और उचित माध्यम से इस विभाग को कार्यभार ग्रहण रिपोर्ट प्रस्तुत करें।