विधायक कुलदीप के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल में हुई एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। सिविल अस्पताल ठियोग में आठ महीने बाद ऑपरेशन शुरू हो गए हैं। सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. पवन और उनकी टीम ने एक मरीज की पेशाब की थैली से 250 ग्राम की पथरी निकालने में सफलता हासिल की। ऑपरेशन के बाद रोगी की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। यह ऑपरेशन करीब एक घंटे तक चला। इसमें एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तरनप्रीत कौर, स्टाफ नर्स सरिता, ओटी दीवान और संदीप ने सहयोग दिया। सिविल अस्पताल में पिछले आठ महीनों से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ का पद रिक्त चल रहा था। इस कारण सर्जरी विशेषज्ञ होने के बावजूद ऑपरेशन नहीं हो रहे थे। विधायक कुलदीप राठौर के समक्ष यह मुद्दा कई बार उठाया गया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद सिविल अस्पताल में एनेस्थीसिया और एक अन्य डॉक्टर का पद भर गया है। इससे पहले सिविल अस्पताल में महीने में औसतन 20 से अधिक सर्जरी की जाती रही है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के आने के बाद मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। ठियोग में सर्जरी की सुविधा दोबारा शुरू होने से शिमला के बड़े अस्पतालों का भार भी कम होगा। हरिप्रसाद कन्हैया गुप्ता के अनुसार, उनके पिता छह महीनों से दर्द से परेशान थे। उनका इलाज शिमला के आईजीएमसी में चल रहा था और वे तीन बार अस्पताल में भर्ती भी हो चुके थे, लेकिन वहां के चिकित्सकों से रोगी का ऑपरेशन नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि 15 दिनों पहले उनके पिता को ऑपरेशन थियेटर ले जाया गया, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका ऑपरेशन नहीं हो पाया। उनके पिता दर्द से परेशान हो गए थे। शिमला से इलाज न मिलने से निराश परिजन पीजीआई चंडीगढ़ ले जाने का विचार कर रहे थे। इसी दौरान सोमवार को अधिक दर्द होने पर सिविल अस्पताल लेकर आए। सर्जरी विशेषज्ञ ने रोगी की हालत देखकर ऑपरेशन करने की सलाह दी। मंगलवार को रोगी का सफल ऑपरेशन होने के बाद परिजन खुश हैं।
ठियोग अस्पताल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी पथरी का ऑपरेशन किया गया है। यह पथरी रोगी की पेशाब की थैली में थी। ऑपरेशन के बाद रोगी की सेहत में सुधार हो रहा है और रोगी को दर्द में भी राहत है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के आने के बाद माह में 20 से अधिक सर्जरी की जा सकती है।
-डॉ. पवन, सर्जरी विशेषज्ञ, ठियोग अस्पताल
विधायक का जताया आभार
नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा, विवेक थापर और पूर्व शहरी अध्यक्ष अनिल ग्रोवर ने एनेस्थीसिया विशेषज्ञ का पद भरने के लिए विधायक कुलदीप राठौर का आभार जताया है। सर्जरी करने वाली टीम को बधाई दी है।
- संवाद