रोहड़ू।
उपमंडल मुख्यालय रोहड़ू में रसोई गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं से खुलेआम अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद भी लोगों को होम डिलीवरी नहीं मिल रही है और मजदूरों के जरिये सिलिंडर घर तक पहुंचने के ओवरचार्जिंग लिए जा रहे हैं। ब्लैक में भी रसोई गैस के सिंलिडर बेचे जा रहे हैं। इसमें 933 रुपये के रसोई गैस के सिंलिडर के 1100 रुपये तक वसूल रहे हैं। रसोई गैस सिंलिडर का सरकारी रेट 913 रुपये है और स्थानीय बाजार में 933 रुपये में होम डिलीवरी के साथ सिलिंडर का दाम निर्धारित है, लेकिन बस स्टैंड के सामने ट्रक खड़ाकर गैस वितरण में तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं से सीधे 1100 रुपये तक वसूल रहे हैं। लोगों के साथ सरेआम लूट की जा रही है। ट्रक के जरिये रसोई गैस सिलिंडर वितरित करने वाले कर्मी मजदूर उपलब्ध नहीं होने और सिलिंडर कम होने का बहाना बनाते हैं। ऑनलाइन बुकिंग होने पर होम डिलीवरी के लिए इन्कार करते हैं। बस स्टैंड पर ट्रक खड़ाकर ही रसोई गैस सिंलिडर का वितरण करते हैं। लोगों को सिलिंडर लेने के लिए खुद बस स्टैंड तक पहुंचना पड़ता है। मजदूरों के जरिये घर तक सिलिंडर पहुंचाने के भी ओवरचार्जिंग लिए जा रहे हैं। वहीं, गैस वितरण केंद्र पर किसी भी प्रकार की रेट लिस्ट तक नहीं लगाई गई है। इससे उपभोक्ताओं को वास्तविक कीमत का पता ही नहीं चलता और गांव से बच्चों को पढ़ाने के लिए किराये के कमरे में रहने वाले लोग आसानी से ठगे जा रहे हैं। लोग पहले भी कई बार इसकी शिकायत गैस एजेंसी प्रभारी के पास कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
गैस वितरण व्यवस्था मजदूरों के रेट को लेकर कई बार प्रशासन से आग्रह किया गया है। वितरण स्थल पर प्रतिदिन रेट लिस्ट लगाई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके। बुकिंग का काउंटर वितरण स्थल से करीब 600 मीटर दूर है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। इसी का फायदा उठाकर मनमानी वसूली की जा रही है। ओवर चार्जिंग के मामले में खाद्य आपूर्ति निगम को वसूली करने वाले पर कड़ी कर्रवाई की जाए। जगमोहन भावटा, प्रधान व्यापार मंडल, रोहड़ू
रोहड़ू में रसोई गैस वितरण स्थल पर ओवर चार्जिंग की शिकायतें लोगों से मिली हैं। इससे पहले भी शिकायत मिलने पर गैस एजेंसी के प्रभारी को निर्देश दिए गए थे। अब दोबारा इस पर जरूरी कार्रवाई की जा रही है। - धर्मेश रामोत्रा, एसडीएम