यांगपा में होमते पुल से 400-500 मीटर आगे हादसा, घर लौट रहे थे बाबू राम
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले की भावा वैली में कार के भावा खड्ड में गिरने से 58 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा वीरवार रात करीब 10:30 बजे यांगपा में होमते पुल से 400-500 मीटर आगे हुआ। मृतक की पहचान बाबू राम (58) पुत्र डालन निवासी यांगपा-II के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बाबू राम कार में सवार होकर यांगपा से अपने घर कासरिम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान होमते पुल से आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खड्ड में जा गिरी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावानगर पहुंचाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की गई।
एसडीपीओ भावानगर वरुण पटियाल ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।