रिकांगपिओ (किन्नौर)। कोठी गांव में हुई चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इसके साथ ही चोरी हुए करीब 85 हजार रुपये कीमत के गहने भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी की पहचान जीवन देव पुत्र श्याम लाल निवासी कामरू, तहसील सांगला, जिला किन्नौर के रूप में हुई है। आरोपी जिले में पहले हुई चोरी के एक मामले में पहले से ही गिरफ्तार है।
जानकारी के अनुसार रिकांगपिओ निवासी कुलदीप सिंह पुत्र सीताराम निवासी कोठी, तहसील कल्पा, जिला किन्नौर ने 31 अगस्त को पुलिस चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर इलाके में लगे सभी सीसीटीवी और पुलिस तकनीकी टीम की सहायता से आरोपी की पहचान करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस थाना प्रभारी जानेश्वर और टीम ने मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है। एसपी किन्नौर विवेक चहल ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। इसमें पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपी अन्य चोरी के मामलों में संलिप्त तो नहीं है।