रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत काशापाट में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के दौरान उपायुक्त शिमला ?
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की दुर्गम पंचायत काशापाट में शुक्रवार को उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने ग्रामीणों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों को बेटा-बेटी में भेदभाव न करने की शपथ भी दिलाई। उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निवारण का आश्वासन दिया।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने शुक्रवार को काशापाट पंचायत घर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समावेशी समाज में बेटियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लिंगानुपात, बेटियों की शिक्षा और सामाजिक संतुलन में उनके अभूतपूर्व योगदान की सराहना की और आधुनिक युग में समानता एवं शिक्षा के अहम योगदान पर बेटियों की प्रशंसा की। उपायुक्त ने समाज में बेटियों के उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने महिलाओं और किशोरियों के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की और लोगों से आह्वान किया कि कन्या भ्रू्ण हत्या के खिलाफ लोगों को जागरूक करें। उन्होंने इस कार्य के लिए पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। पोषण अभियान को व्यापकता प्रदान करने के लिए भी कार्यक्रम के तहत महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने नन्ही बच्चियों माहिरा, सृष्टि, मानवी को जिला प्रशासन की ओर से हस्ताक्षर अभियान, बेबी किट प्रदान कीं। उन्होंने माहिरा का अन्नप्राशन भी करवाया।
इस दौरान 0 से 5 वर्ष के 10 बच्चों का वजन एवं लंबाई भी मापी। उपायुक्त ने काशापाट में एक बूटा बेटी के नाम भी लगाया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनके जल्द निवारण का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसडीएम सुरेंद्र मोहन, डीएसपी चंद्रशेखर, बीडीओ केआर कपूर, बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय बदरेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान, जिला परिषद सदस्य नरैण त्रिलोक भलूणी, बीडीसी सरोजिनी, प्रधान काशापाट पुष्पा सहित अन्य मौजूद रहे।