आनी (कुल्लू)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर शुक्रवार को संपन्न हुआ। समापन समारोह में शिक्षाविद डॉ. विनोद आचार्य बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। प्रधानाचार्य डॉ. जवाहर ठाकुर और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चमन शर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया। डॉ. विनोद आचार्य ने कहा कि एनएसएस युवाओं में सामाजिक दायित्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना उत्पन्न करता है। उन्होंने स्वयंसेवियों को संदेश दिया कि समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा-निवारण और जनजागरूकता जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने क्यार कॉलोनी को गोद लेकर सफाई अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर की भी सफाई की। पौधरोपण और समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रैली निकाली। समापन समारोह में स्वयंसेवियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवियों को सम्मानित किया। इस मौके पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुनीता, बृजलाल ठाकुर, हीरालाल शर्मा, एसएमसी सदस्य जीवन शर्मा, लीला चंद, मधु शर्मा, लीला देवी, पूजा, प्रवीण कुमारी, चंपा ठाकुर, मीना शर्मा और नीरमा देवी सहित कई अन्य उपस्थित रहे।