सीपीएस ने सीएम को लिखा पत्र, चिकित्सक तैनाती की मांग
जल्द ही मंत्रिमंडल की बैठक में दी जाएगी स्वीकृति
स्वीकृति मिलते ही 10 पंचायतों के लोगों को मिलेगा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला(सोलन)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टा को कांग्रेस सरकार दोबारा 24 घंटे तक चालू करने की योजना बना रही है। इस सीएचसी के चालू होने से 10 पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। अभी सीएचसी बंद होने के बाद आपातकाल में रोगियों को चंडीगढ़ या नालागढ़ जाना पड़ रहा है।
सीएचसी पट्टा को पिछली कांग्रेस सरकार ने 24 घंटे करने की घोषणा की थी लेकिन भाजपा ने आते ही यहां से चिकित्सक को स्थानांतरित कर दिया गया जिससे यह सीएचसी वापस दिन में ही चलने लगी। लेकिन रात को समय अगर कोई आपात सेवा की जरूरत होती थी तो इस इतने बड़े क्षेत्र में कोई सुविधा नहीं थी। रोगियों को उपचार के लिए पीजीआई जाना पड़ता था। सीपीएस राम कुमार ने कांग्रेस सरकार के आते ही यहां पर एक चिकित्सक तैनात कर दिया था। पर अब इस सुविधा को स्थाई रूप से लागू किया जाएगा।
सीपीएस राम कुमार ने बताया कि उन्होंने पट्टा सीएचसी को 24 घंटा चालू करने के लिए सीएम को पत्र लिखा है। सीएम को लिखे पत्र में उन्होंने बताया कि पिछली सरकार ने यहां से दो चिकित्सकों में से एक पद को खाली कर दिया था। जिससे पहाड़ी क्षेत्र में 24 घंटे सीएचसी चालू करने की सुविधा बंद हो गई थी। वर्तमान में यहां पर एक चिकित्सक है। यह सीएचसी 10 पंचायतों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करती है। यहां पर स्थाई रूप से चिकित्सक का एक पद भरना चाहिए। जल्द ही मंत्रिमंडल की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी और सीएचसी पट्टा को 24 घंटे शुरू कर दिया जाएगा।