संवाद न्यूज एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू) । तहसील नेरवा के तहत खोखाह और कूड़ गांव के लोग बिजली न होने के कारण पांच दिन से अंधेरे में हैं। क्षेत्र के लोगों को सेब सीजन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामवासी लोकेंद्र धलटा, मेला राम झालटा, संदीप शर्मा और जवाहर किरना व अन्य गांववासियों ने बताया कि एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने से गांव के लोग अंधेरे में हैं। पांच दिन पूर्व जब ट्रांसफार्मर में खराबी आई, तो विभाग ने इसकी मरम्मत कर बिजली आपूर्ति चालू कर दी। उसके बाद मात्र तीन ही घंटे में बिजली का ट्रांसफार्मर दोबारा जल गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में आजकल सेब सीजन चरम पर है। इस दौरान सेब को जल्दी से जल्दी मंडी में पहुंचाने के लिए दिन-रात काम चलता है।
बिजली नहीं होने से बागवानों को पैंकिंग के लिए परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली न होने से सेब की ग्रेडिंग और पैकिंग करने वाली मशीनें काम नहीं कर पा रही हैं। इसके चलते बागवानों को साल भर की मेहनत पर पानी फिर जाने का डर सता रहा है। उन्होंने सरकार से गुहार लगाई है कि जले हुए ट्रांसफार्मर को जल्दी बदल कर बिजली चालू करवाई जाए।
ट्रांसफार्मर खोखाह भेज दिया
स्टोर में ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं था। ट्रांसफार्मर मंगवाकर खोखाह भेज दिया है। बिजली विभाग व ठेकेदार के कर्मचारी इसे बदलने में लगे हुए हैं। ट्रांसफार्मर के ठीक होते ही विभाग की ओर से ेबिजली को चालू कर दिया जाएगा।
- अरविंद धीमान, सहायक अभियंता