रामपुर बुशहर। बर्फबारी के कारण नारकंडा में बाधित हुआ नेशनल हाईवे पांच शुक्रवार को यातायात के लिए बहाल हो गया। अब रामपुर, किन्नौर से शिमला की ओर वाहनों की सीधी आवाजाही शुरू हो गई है। एनएच बहाल होने से ऊपरी क्षेत्रों के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि वीरवार को बर्फबारी के कारण नारकंडा में एनएच पांच यातायात के लिए बंद हो गया था। मार्ग बाधित होने से किन्नौर और रामपुर क्षेत्र से वाहनों को वाया बसंतपुर होकर शिमला भेजा जा रहा था। सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे प्राधिकरण ने मार्ग पर पड़ी बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया था और शुक्रवार सुबह मार्ग यातायात के लिए बहाल हो गया। वहीं, रामपुर-रोहडू मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। सुंगरी में भारी हिमपात होने के कारण मार्ग बीते तीन दिन से बाधित था, जिसे लोक निर्माण विभाग ने बहाल कर दिया है। वहीं, कुल्लू जिले के आउटर सिराज में एनएच 305 जलोड़ी जोत के पास बर्फबारी के कारण अभी भी बाधित है। मार्ग बाधित होने से आनी और निरमंड तहसील के हजारों लोगों का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा हुआ है। इन क्षेत्रों के लोगों को वाया मंडी होकर जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना पड़ रहा है।
उधर, परिवहन निगम रामपुर के अड्डा प्रभारी भाग चंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह से नारकंडा होकर निगम की बसों को शिमला भेजा गया। रामपुर-रोहडू मार्ग पर भी निगम की बसों की आवाजाही शुरू हो गई है। जलोड़ी जोत में बर्फबारी से बाधित एनएच बहाल नहीं हो पाया है, जिस कारण बसों को खनाग तक ही भेजा जा रहा है।