राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने निगुलसरी ब्लॉक पाइंट का लिया जायजा
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
भावानगर (किन्नौर)। निगुलसरी के पास पिछले कई दिनों से अवरुद्ध एनएच-पांच रविवार को दोपहर 11: 30 बजे बहाल हो गया। एनएच बहाल होने से दोनों ओर कई दिनों से कतार में खड़े वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। एनएच को बहाल करने में प्रशासन, सेना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम जुटी हुई थी। उपायुक्त अमित शर्मा, भावानगर के एसडीएम समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और सड़क बहाली कार्य में सक्रिय सहयोग देते रहे। सड़क के दोनों ओर करीब पांच सौ वाहन फंसे हुए थे। इनमें से अधिकांश ट्रक नकदी फसल सेब और मटर से लदे हुए थे। एनएच बहाल होने के बाद अब सेब से लदे ट्रकों को मंडी तक पहुंचने में दिक्कतें नहीं होगी। पुलिस और प्रशासन ने मार्ग बहाल होते ही सबसे पहले किन्नौर जिला से बाहर जाने वाले सेब और मटर से लदे वाहनों को प्राथमिकता दी ताकि फसल समय पर मंडियों तक पहुंच सके। इसके बाद रामपुर की ओर से आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहनों को किन्नौर की ओर भेजा गया। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भावानगर के एसडीपीओ राजकुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
मंत्री ने दी शाबाशी
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी निगुलसरी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई, सेना और विभागों के अधिकारियों को एनएच-पांच बहाल करने में सहयोग देने पर शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश और भूस्खलन होने पर भी दिनरात इन्होंने मेहनत करके एनएच को बहाल किया है। उन्होंने इस मार्ग को सही तरीके से दुरुस्त करने के आदेश भी दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक, भावानगर के एसडीएम नारायण चौहान, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य डाॅ. सूर्या बोरस, पंचातयों के जनप्रतिनिधि समेत ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, एनएचएआई के एक्सईएन केएल सुमन ने बताया कि निगुलसरी एनएच-पांच को बहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि उक्त सड़क को ओर दुरुस्त किया जाएगा।