निरमंड और आनी उपमंडल का जिला मुख्यालय कुल्लू से कटा संपर्क
वाया मंडी 100 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करने को मजबूर लोग
परिवहन निगम के रामपुर डीपो ने कुल्लू में फंसी को मंगाया वापस
बर्फबारी से बाधित सडक़ की बहाली में लगेगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर/आनी। बीते दिनों हुई बर्फबारी जहां क्षेत्र के किसानों-बागवानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं इससे हजारों लोगों की दुश्वारियां भी बढ़ गई हैं। आनी और निरमंड उपमंडल को जिला मुख्यालय कुल्लू से जोडऩे वाले नेशनल हाईवे-305 चार दिन से यातायात के लिए अवरुद्ध पड़ा है। ऐसे में हजारों लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। लोगों को जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचने के लिए वाया मंडी होकर करीब सौ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। बीते सोमवार और मंगलवार को हुई भारी बर्फबारी के कारण जलोड़ी जोत में नेशनल हाईवे-305 यातायात के लिए बाधित हो गया था। यहां करीब 30 सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ था। इस कारण निरमंड और आनी उपमंडल का जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कटा हुआ है। जिला मुख्यालय से संबंधित कार्यों के लिए लोग वाया मंडी होकर कुल्लू जाने को मजबूर हैं। ऐसे में जहां लोगों को सौ किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है, वहीं इससे उन्हें आर्थिक नुकसान और समय की भी बर्बादी हो रही है। भारी बर्फबारी से बाधित हुए एनएच-305 की बहाली में अभी पांच से छह दिन का समय लग सकता है। हालांकि, जलोड़ी जोत से आगे कुल्लू की ओर अधिक बर्फबारी होने की सूचना है। ऐसे में एनएच बहाली में काफी दिन का समय लग जाएगा। कुल्लू की ओर परिवहन निगम के रामपुर डीपो की एक बस फंसी हुई है, जिसे शनिवार को वाया मंडी होकर वापस रामपुर पहुंचाया जाएगा। क्षेत्र के लोग जलोड़ी जोत में प्रस्तावित टनल के निर्माण की आस लगाए हुए हैं। यदि टनल का निर्माण हो जाता है तो निरमंड और आनी उपमंडल का संपर्क जिला मुख्यालय से 12 माह तक जुड़ा रहेगा।
जलोड़ी जोत में बर्फबारी के एनएच-305 पर आवाजाही ठप पड़ी हुई है। बर्फबारी के कारण कुल्लू में एक बस फंसी हुई है, जिसे शनिवार को वाया मंडी वापस मंगाया गया है। सड़क बहाली के बाद कुल्लू की ओर बसों को सुचारु रूप से चलाया जाएगा।
-स्वरूप दिवान, अड्डा प्रभारी, परिवहन निगम रामपुर डिपो