संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। नेरवा नगर पंचायत में लोगों को बिजली के नए कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। विद्युत उपमंडलीय कार्यालय नेरवा नए मीटर नहीं दे रहा है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत नेरवा क्षेत्र में बहुत लोगों ने अपने नए बने मकानों और दुकानों के लिए नए कनेक्शन लेने हैं, लेकिन नेरवा विद्युत आपूर्ति कंट्रोल यूनिट पर आवश्यकता से अधिक लोड होने के कारण अभी कुछ समय तक कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। गौर हो कि इस कंट्रोल यूनिट पर काफी समय से क्षमता से अधिक लोड है। इसके चलते नेरवा वासियों को खासतौर पर सर्दियों में ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पीक ओवर्स में खासतौर से सुबह के समय विद्युत कंट्रोल यूनिट के बार-बार फ्यूज उड़ जाते हैं। इससे कर्मचारियों और दुकानदारों को दिक्कतें पेश आती हैं। नेरवा वासियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि नेरवा स्थित स्टेशन की क्षमता को प्राथमिकता के आधार पर बढ़ाया जाए ताकि उन्हें इस समस्या से निजात मिल सके।
नेरवा स्टेशन में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता 250 केवी की है, जबकि लोड 400 केवी के लगभग है। इस विषय से विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया है। आदर्श आचार संहिता हटने के बाद नेरवा के लिए उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर सेक्शन कर शीघ्र ही इंस्टॉल कर दिया जाएगा।
- अरविंद धीमान, सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल नेरवा।