रिकांगपिओ (किन्नौर)। नेहरू युवा केंद्र किन्नौर ने मंगलवार को ग्राम पंचायत शुदारंग के दाखो में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया। इसमें महिला मंडल दाखो और रांग के सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें अदिति ने पहला और रीतिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि डीपीआरओ नरेंद्र शर्मा ने इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माला अर्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी प्रियंका ने कार्यक्रम में भाग ले रहे सभी व्यक्तियों का स्वागत किया और राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र की ओर से 13 से 19 जनवरी तक युवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विकास खंडों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत 13 जनवरी को टापरी, 14 को कल्पा, 15 को ज्ञाबुंग, 16 को बरी, 17 को यंगपा, 18 को हांगो और 19 जनवरी को सापनी में स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले अन्य प्रतिभागियों को भी स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।